हनुमान जन्मोत्सव पर देहरादून में भव्य शोभायात्रा, कई मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
देहरादून । देहरादून में आज हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर पूरे शहर में धार्मिक उत्साह देखने को मिलेगा। इस मौके पर विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। साथ ही श्री बालाजी महाराज की भव्य शोभायात्रा और बाइक रैली भी निकाली जाएगी, जिसके चलते शहर के कई मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
श्री पृथ्वीनाथ महादेव सेवादल की ओर से सहारनपुर चौक स्थित शिवाजी धर्मशाला से बालाजी महाराज की 16वीं भव्य शोभायात्रा शुरू होगी। इस शोभायात्रा की खास बात यह है कि पहली बार ड्रोन के जरिए यात्रा मार्ग पर पुष्पवर्षा की जाएगी।
शोभायात्रा में आकर्षण
- श्रीराम मंदिर और बालाजी धाम की ज्योति के दर्शन
- ड्रोन से पुष्पवर्षा
- सिद्धबली हनुमान जी की झांकी
- हवा में उड़ते हनुमान जी का दृश्य
- हजारों फूलों से सजे बालाजी महाराज
- शिव बारात में अघोरियों के विशेष प्रदर्शन
- बाहुबली हनुमान जी के दर्शन
इसके अलावा मथुरा-वृंदावन, दिल्ली, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के कलाकार झांकियों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। लक्ष्मण चौक से बाइक रैली भी निकाली जाएगी।
मंदिरों में विशेष आयोजन
शहर के प्रमुख मंदिरों जैसे जामुनवाला स्थित एकादशमुखी हनुमान मंदिर, हनुमान चौक का प्राचीन मंदिर और गढ़ी कैंट स्थित माता वैष्णो देवी गुफा में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। पूर्व संध्या पर सुंदरकांड का पाठ और भंडारा भी आयोजित किया गया।
पूजा का महत्व
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, हनुमान जन्मोत्सव चैत्र पूर्णिमा के दिन मनाया जाता है। इस दिन घर या मंदिर में हनुमान जी की पूजा कर सिंदूर, चमेली का तेल, लाल फूल और तुलसी अर्पित करना शुभ माना जाता है।
इस आयोजन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए हैं, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के उत्सव में शामिल हो सकें।

