उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी से बदला मौसम, चकराता से मुखबा तक पहाड़ों पर जमी बर्फ, सैलानियों में उत्साह

देहरादून।
उत्तराखंड में लंबे इंतजार के बाद शुक्रवार को मौसम ने करवट ली और प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी शुरू हो गई। चकराता से लेकर गंगा के शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा तक पहाड़ बर्फ की सफेद चादर में लिपट गए हैं। बर्फबारी से जहां ठंड में इजाफा हुआ है, वहीं पर्यटन स्थलों पर रौनक भी लौट आई है।

चकराता में सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई। लोखंडी, आसमाड़, खड़म्बा, देवबन, मशक, कोटी कंसार और मुंडोई समेत आसपास की ऊंची पहाड़ियों पर बर्फ जम गई। बर्फ गिरते ही यहां पहुंचे पर्यटकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सैलानी बर्फ के बीच नाचते-झूमते नजर आए और मौसम का आनंद लिया।

उत्तरकाशी जनपद में भी मौसम ने अचानक रुख बदला। गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखबा और आपदा प्रभावित धराली क्षेत्र में बर्फबारी शुरू हो गई है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के आसपास के इलाकों में भी बर्फ गिरने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

मसूरी, धनौल्टी और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और बारिश के कारण मौसम पूरी तरह सर्द हो गया है। वहीं निचले इलाकों में बारिश और बूंदाबांदी का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के अनुसार 2300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।

सीजन की इस पहली बर्फबारी से जहां जनजीवन प्रभावित हुआ है, वहीं पर्यटन कारोबारियों और किसानों के चेहरों पर भी खुशी लौटी है। लंबे समय से बर्फबारी का इंतजार कर रहे लोगों के लिए यह मौसम राहत और उत्साह लेकर आया है।

Leave a Reply