उत्तराखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट, चार जिलों में प्रशासन 24 घंटे अलर्ट
देहरादून। मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश को लेकर जारी रेड अलर्ट के बाद उत्तराखंड में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने और संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन से बातचीत कर सभी संबंधित जिलों और विभागों को आवश्यक एहतियाती कदम उठाने को कहा। उन्होंने संभावित आपदा की स्थिति में राहत और बचाव कार्यों की तैयारियां पहले से पूरी रखने तथा जिला आपातकालीन संचालन केंद्रों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
चार जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी जिलों में 26 और 27 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा भी हो सकती है। इन जिलों के अलावा राज्य के नौ अन्य जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
जिलाधिकारियों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को अनावश्यक रूप से नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
आपदा प्रबंधन व्यवस्था सक्रिय
प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आपदा प्रबंधन सेवाओं को पूरी तरह तैयार रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सभी विभागों को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने और जरूरी सूचनाएं समय पर जिला आपातकालीन संचालन केंद्र तक पहुंचाने को कहा गया है।
हरिद्वार में किसी भी आपदा या आपात स्थिति की सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को 01334-223999, 1077 (टोल फ्री), 7055258800 और 9528250926 पर दी जा सकती है।
तेज हवाओं की भी चेतावनी
प्रशासन के अनुसार कुछ जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। वहीं रेड अलर्ट वाले जिलों में 27 सितंबर को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने की स्थिति में सावधानी बरतें और किसी भी संभावित खतरे की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें।

