नए यमुना घाट पहुंचे सीएम धामी, माता यमुना की 25 फीट ऊंची प्रतिमा का किया अनावरण
विकासनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को हरिपुर कालसी स्थित नए यमुना घाट पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जमुना धाम में माता यमुना की 25 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिपुर यमुना घाट के विकसित होने से कालसी क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के मंदिरों और धार्मिक स्थलों के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। जौनसार-बावर क्षेत्र में हरिपुर यमुना घाट के साथ हनोल और लाखामंडल मास्टर प्लान पर भी कार्य किया जा रहा है।
सीएम धामी ने कहा कि सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोगों को इन कार्यों से परेशानी हो रही है और वे हर काम में कमियां निकालने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि सभी को सरकार में रहने का अवसर मिला, लेकिन वर्तमान सरकार विकास कार्यों पर लगातार काम कर रही है।

