आवारा कुत्तों के झुंड ने नीलगाय पर किया हमला, गंभीर घायल होने के बाद मौत
ग्रामीणों के अनुसार, नीलगाय गर्भवती थी, जिसके चलते वह तेजी से भाग नहीं पाई और कुत्तों के झुंड की चपेट में आ गई। घटना की सूचना वन विभाग को दी गई। मौके पर पहुंचे वन कर्मचारियों ने जेसीबी की मदद से गड्ढा खुदवाकर मृत नीलगाय को दफना दिया।
ग्रामीण संजय और पहल सिंह समेत अन्य लोगों ने बताया कि जंगल क्षेत्र में आवारा और मांसाहारी कुत्तों के झुंड लगातार घूमते रहते हैं। ये कुत्ते जंगली जानवरों के साथ-साथ ग्रामीणों के लिए भी खतरा बन रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के आसपास से स्कूली बच्चों का भी नियमित आवागमन रहता है। ऐसे में कुत्तों के झुंड के कारण किसी अनहोनी की आशंका बनी हुई है। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है।
ग्रामीणों ने वन विभाग और संबंधित अधिकारियों से आवारा कुत्तों के झुंड पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है, ताकि जंगली जानवरों और ग्रामीणों को इनके हमलों से बचाया जा सके।

