चारधाम यात्रा: गंगोत्री धाम में नया रिकॉर्ड, पहली बार 7.87 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बेहतर यात्रा प्रबंधन और श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं के कारण चारधाम यात्रा लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। यमुनोत्री के बाद अब गंगोत्री धाम में भी यात्रियों की संख्या ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
13 सितंबर तक 50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
चारधाम यात्रा के मौजूदा यात्रा काल के 148 दिनों में, 13 सितंबर तक कुल 50 लाख 43 हजार 436 श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं। गंगोत्री धाम में इससे पहले वर्ष 2022 में 7 लाख 81 हजार 961, वर्ष 2025 में 7 लाख 58 हजार 249 और वर्ष 2023 में 7 लाख 12 हजार 749 श्रद्धालु पहुंचे थे।
इस वर्ष गंगोत्री में यह आंकड़ा पहली बार 7.87 लाख के पार पहुंचा है।
बदरीनाथ यात्रा भी रिकॉर्ड की ओर
बदरीनाथ धाम में भी श्रद्धालुओं की संख्या नया रिकॉर्ड बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। बदरीनाथ धाम की यात्रा 23 अप्रैल को शुरू हुई थी और 12 सितंबर तक 143 दिन पूरे हो चुके हैं। यात्रा के दूसरे चरण में भी बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों के पहुंचने का अनुमान है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा से जुड़े सभी जिलों में आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा का पहला चरण बेहद सफल रहा है और दूसरे चरण में भी तीर्थयात्रियों की बड़ी संख्या को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।

