हिमाचल पुलिस कांस्टेबल भर्ती: आयु सीमा में एक साल की छूट, आवेदन की अंतिम तिथि 21 अगस्त तक बढ़ी

शिमला। हिमाचल प्रदेश में पुलिस कांस्टेबल भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत की खबर है। राज्य सरकार के गृह विभाग के निर्णय के बाद हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) ने पुलिस कांस्टेबल (पुरुष एवं महिला) भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा में सभी श्रेणियों के अभ्यर्थियों को एक वर्ष की विशेष एकमुश्त छूट देने का फैसला किया है।

यह छूट आयोग के विज्ञापन संख्या 57-7/2026 और 58-7/2026 के तहत होने वाली पुलिस कांस्टेबल भर्ती पर लागू होगी।

आवेदन की अंतिम तिथि 15 दिन बढ़ी

आयु सीमा में छूट दिए जाने के बाद आयोग ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि भी 15 दिन बढ़ा दी है। अब पात्र अभ्यर्थी 21 अगस्त 2026 रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद आवेदन लिंक स्वतः निष्क्रिय हो जाएगा।

आयोग की सचिव निवेदिता नेगी के अनुसार, आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन मान्य नहीं होंगे।

पहले आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को दोबारा फॉर्म भरने की जरूरत नहीं

जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। उनके पुराने आवेदन मान्य रहेंगे।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि आयु सीमा में एक वर्ष की विशेष छूट और आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने के अलावा भर्ती विज्ञापन की अन्य सभी शर्तें, पात्रता मानदंड और नियम पहले की तरह लागू रहेंगे।

आयोग ने पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे संशोधित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।

Leave a Reply