कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार में 30 जुलाई से 11 अगस्त

हरिद्वार,
कांवड़ यात्रा 2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने मेले की तैयारियों की जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ मेले के लिए सभी विभागों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विभिन्न क्षेत्रों में सेक्टरवार अधिकारियों की तैनाती की गई है और किसी भी प्रकार की कमी मिलने पर उसे तुरंत दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।

यात्रा के दौरान बढ़ती भीड़ और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 30 जुलाई से 11 अगस्त तक हरिद्वार जिले के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। इस अवधि में छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की जाएंगी।

इस वर्ष कांवड़ मेले में पहली बार साइबर कमांडो की तैनाती भी की जा रही है। इनकी जिम्मेदारी साइबर अपराधों, सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और ऑनलाइन गतिविधियों पर निगरानी रखना होगी, ताकि यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यातायात और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें।

Leave a Reply