उत्तराखंड में भारी बारिश का असर: ऋषिकेश-यमुनोत्री हाईवे सहित 100 सड़कें बंद, पहाड़ी जिलों में अलर्ट
देहरादून, 13 जुलाई 2026: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेशभर में जनजीवन प्रभावित हुआ है। जगह-जगह भूस्खलन, मलबा और पत्थर गिरने से ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 100 सड़कें बंद हो गई हैं। इनमें अधिकांश ग्रामीण मार्ग शामिल हैं। प्रशासन द्वारा बंद सड़कों को जल्द खोलने का कार्य जारी है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, देहरादून में 10, अल्मोड़ा में 5, रुद्रप्रयाग में 4, चमोली में 12, पिथौरागढ़ में 14, उत्तरकाशी में 10 और टिहरी में 9 ग्रामीण सड़कें बंद हैं। वहीं, नैनीताल जिले में रामगढ़ पुल के पास मार्ग धंसने से हल्द्वानी-भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
रविवार को बारिश थमने के बाद प्रदेश में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। खासकर मैदानी क्षेत्रों में उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया। देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 33.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार, 13 जुलाई के लिए देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर के कुछ इलाकों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा अन्य पर्वतीय जिलों में भी तेज बारिश और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 18 जुलाई तक प्रदेशभर में मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।

