सीएम धामी ने सचिवालय संघ की नई कार्यकारिणी को दिलाई शपथ
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तराखंड सचिवालय संघ के शपथ ग्रहण समारोह में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने सभी पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सचिवालय केवल एक प्रशासनिक भवन नहीं, बल्कि राज्य की शासन व्यवस्था की आत्मा और जनता के विश्वास का प्रमुख केंद्र है। यहीं से नीतियां बनती हैं, जनकल्याणकारी योजनाओं को दिशा मिलती है और राज्य के विकास की रूपरेखा तैयार होती है।
उन्होंने कहा कि सचिवालय में कार्यरत अधिकारी और कर्मचारी विकसित उत्तराखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने और शासन तथा जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बनाने में सचिवालय परिवार का विशेष योगदान है।
समारोह में सचिवालय संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपक जोशी, उपाध्यक्ष राकेश जोशी, संजय कुमार शर्मा और प्रमिला टम्टा, महासचिव राजेन्द्र रतूड़ी, सचिव अतुल कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने शपथ ग्रहण की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। कर्मचारी संगठनों के साथ निरंतर संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है, क्योंकि एक प्रेरित और संतुष्ट कर्मचारी तंत्र ही सुशासन की सबसे बड़ी शक्ति होता है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सचिवालय परिवार राज्य के विकास और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।

