ऋषिकेश रेल हादसा: आठ कर्मचारियों पर चार्जशीट, लोको पायलट हटाया गया

देहरादून। ऋषिकेश में हुए उज्जैनी एक्सप्रेस रेल हादसे के मामले में रेलवे प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ कर्मचारियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। प्रारंभिक जांच के आधार पर लोको पायलट को उसके पद से हटाकर प्रशिक्षण के लिए चंदौसी भेज दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, शेष सात कर्मचारियों पर भी जल्द विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि 18 मई को ऋषिकेश के खांड गांव के पास शंटिंग के दौरान उज्जैनी एक्सप्रेस के इंजन और तीन कोच दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे। हादसे में कोच बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। हालांकि उस समय ट्रेन खाली थी, इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना के बाद रेलवे के दिल्ली और मुरादाबाद मंडल के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी। जांच में ऑपरेटिंग, सीएनडब्ल्यू और लोको विभाग के कुल आठ कर्मचारियों को जिम्मेदार माना गया है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना लोको पायलट की अनुपस्थिति में ट्रेन के सुरक्षा चेन और गुटके हटाए जाने के कारण हुई। सभी आरोपित कर्मचारियों को अपना पक्ष रखने के लिए एक माह का समय दिया गया है।

इस बीच रेलवे ने एक अन्य पुराने मामले में भी कार्रवाई की है। फरवरी 2023 में देहरादून टर्मिनल पर नंदा देवी एक्सप्रेस के चार पहिए पटरी से उतरने की घटना में शंटिंग मास्टर की लापरवाही साबित होने पर उसकी एक वर्ष की वेतन वृद्धि रोक दी गई है।

मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि ऋषिकेश हादसे के सभी पहलुओं की जांच जारी है और दोषी पाए जाने वाले अन्य कर्मचारियों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply