यमुनोत्री धाम यात्रा के दौरान दो श्रद्धालुओं की मौत, प्रशासन सतर्क

उत्तरकाशी।   उत्तरकाशी के बड़कोट क्षेत्र में यमुनोत्री धाम की यात्रा के दौरान दो दिनों में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जिससे प्रशासन में चिंता बढ़ गई है। ताजा घटना में मध्यप्रदेश के इंदौर से आई 40 वर्षीय श्रद्धालु प्रतिभा मिश्रा की जानकीचट्टी के पास देर रात मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, प्रतिभा मिश्रा को अचेत अवस्था में जानकीचट्टी स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर हरदेव सिंह पंवार ने बताया कि महिला को अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ चुकी थीं। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इससे पहले रविवार को भी एक अन्य श्रद्धालु की मौत का मामला सामने आया था। करीब साढ़े तीन बजे एक नेपाली मजदूर द्वारा एक व्यक्ति को मृत अवस्था में जानकीचट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। मृतक की पहचान 65 वर्षीय उदय गजानन तांबे, निवासी नासिक (महाराष्ट्र) के रूप में हुई।

लगातार हो रही इन घटनाओं को देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। यात्रियों को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने और यात्रा के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

Leave a Reply