केदारनाथ हेली सेवा के लिए नए सिरे से होंगी कंपनियों की नियुक्ति, यूकाडा जल्द शुरू करेगा टेंडर प्रक्रिया

देहरादून। आगामी चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ हेली सेवा के संचालन के लिए एविएशन कंपनियों का चयन नए सिरे से किया जाएगा। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) इसके लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू करेगा।

दरअसल, हेली सेवा के लिए पहले हर साल होने वाली टेंडर प्रक्रिया में समय अधिक लगने के कारण यूकाडा ने तीन वर्षों के लिए कंपनियों से अनुबंध किया था, जिसकी अवधि वर्ष 2025 में पूरी हो चुकी है। अब नए अनुबंध के तहत कंपनियों का चयन किया जाएगा।

पिछले तीन वर्षों में गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी हेलिपैड से पवन हंस, आर्यन, थंबी, ट्रांस भारत, ग्लोबल विक्ट्रा, केस्ट्रल और एयरो एयरक्राफ्ट जैसी कंपनियों के माध्यम से केदारनाथ के लिए हेली सेवा संचालित की जा रही थी।

यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष चौहान ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया में सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी चारधाम यात्रा अप्रैल-मई से शुरू होने की संभावना है, उससे पहले हेली सेवाओं के संचालन से जुड़ी सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी।

Leave a Reply