यमुनोत्री मार्ग पर भूस्खलन: लापता दो यात्रियों के शव बरामद, 11 वर्षीय बच्ची की पहचान हुई
उत्तरकाशी। यमुनोत्री पैदल मार्ग पर 23 जून को हुए भीषण भूस्खलन के बाद लापता चल रहे दो यात्रियों के शव रविवार को भगेली गाड़ यमुना नदी में बरामद हुए। मृतकों की पहचान कमलेश जेठवा (35 वर्ष), निवासी मुंबई और भाविका शर्मा (11 वर्ष), निवासी कृष्णा विहार, नई दिल्ली के रूप में हुई है।
घटना जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग पर नौकैंची के पास हुई थी, जब अचानक भारी मात्रा में बोल्डर और मलबा गिर पड़ा। इस दौरान मार्ग पर चल रहे चार से पांच यात्री मलबे के साथ गहरी खाई में जा गिरे थे।
मिलने वाले शवों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव भेजा गया है। चौकी प्रभारी गंभीर सिंह तोमर के अनुसार, एक शव और एक अलग पैर घटनास्थल के आसपास से बरामद हुए हैं। पहचान सुनिश्चित करने के लिए परिजनों को बुलाया गया।
घटना के तुरंत बाद से ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस की टीमें लगातार रेस्क्यू अभियान में जुटी थीं। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और नदी में तेज बहाव के कारण खोज अभियान में काफी बाधाएं आईं, लेकिन आखिरकार रविवार को दोनों शव बरामद कर लिए गए।
घटना ने एक बार फिर यमुनोत्री यात्रा मार्ग की संवेदनशीलता और खतरे को उजागर कर दिया है, जहां मानसून के दौरान हर साल यात्रियों को प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है।