केदारनाथ विधायक शैलारानी रावत का आकस्मिक निधन

अस्वस्थ चल रहीं केदरानाथ की विधायक 68 वर्षीय शैलारानी रावत का मंगलवार की रात आकस्मिक निधन हो गया। उन्होंने देहरादून के मैक्स अस्पताल में रात 10 बजकर 35 मिनट पर अंतिम सांस ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार वह दो दिन से वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग लड़ रही थीं। शैलारानी रावत वर्ष 2017 में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान गिर गई थीं, जिसमें उन्हें चोट आई थी। इस बीच वह गंभीर बीमारी की चपेट में आ गईं थीं।करीब तीन साल तक चले इलाज के बाद वह स्वस्थ्य हो पुनः राजनीति में सक्रिय हो गईं थी,दो महीने पहले वह फिर ओंकारेश्वर मंदिर की सीढ़ियों से गिर पड़ी और रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर होने के कारण उन्हें मैक्स अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

बताया गया कि दो दिन पहले ही उनकी बेटी ऐश्वर्या रावत ने इंटरनेट मीडिया में एक भावुक पोस्ट डालकर उनके स्वस्थ्य होने की कामना की थी। हालांकि उनकी एयरलिफ्ट कर अन्यत्र हायर सेंटर ले जाने की तैयारी भी की जा रही थी परन्तु उनका शरीर साथ नहीं दे पा रहा था। उल्लेखनीय है कि शैलारानी केदारनाथ से दो बार विधायक रहीं। पहली बार वर्ष 2012 में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर जीत दर्ज की थी और वर्ष 2016 में वह भाजपा में शामिल हो गईं तब वर्ष 2022 में वह भाजपा के टिकट पर जीतकर विधानसभा पहुंचीं थीं।

वह कई सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक संगठनों से जुड़ीं रहीं। उन्होंने उत्तराखंड राज्य आंदोलन में भी सक्रिय भागीदारी निभाई। साथ ही पंचायत चुनाव में भी सक्रिय रहीं और 1997 में अगस्त्यमुनि विकासखंड की प्रमुख चुन ली गईं। 2003 में उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव भी जीता था। शैलारानी उत्तरांचल प्रैस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा की बहन थीं उनके इस दुःख में उत्तरांचल प्रैस क्लब और सभी पत्रकार साथी उनके साथ खड़े हैं।

शैलारानी का अंतिम संस्कार कल बृहस्पतिवार को गुप्तकाशी में उनके पैतृक घाट पर किया जाना है। इससे पूर्व आज सुबह राजपुर रोड स्थित उनके आवास पिनाकल रेजीडेंसी में उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। 10.30 बजे बलवीर रोड स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए लाया जाएगा। शाम को पार्थिव शरीर रुद्रप्रयाग ले जाया जाएगा। कल 11 जुलाई सुबह 7 बजे से 8 बजे तक स्पोर्ट्स स्टेडियम अगस्त्यमुनि में स्थानीय जनता उनके अंतिम दर्शन कर सकेगी। सुबह 11 बजे गुप्तकाशी में त्रिवेणी घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Leave a Reply