चारधाम यात्रा 2026 संपन्न, पहली बार 65.55 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे
देहरादून/ऋषिकेश। उत्तराखंड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा वर्ष 2026 के लिए संपन्न हो गई है। बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही चारधाम यात्रा शीतकाल के लिए स्थगित कर दी गई। इस वर्ष तीर्थयात्रियों की संख्या ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। चारधाम और हेमकुंड साहिब में कुल 65 लाख 55 हजार 624 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। पहली बार तीर्थयात्रियों की संख्या 65.55 लाख के आंकड़े को पार कर गई है। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती आमद के बीच यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाए रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती थी।
चारधाम यात्रा प्रबंधन एवं नियंत्रण संगठन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के साथ हेमकुंड साहिब में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पिछले वर्षों की तुलना में इस बार तीर्थयात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। वर्ष 2023 में लगभग 56 लाख श्रद्धालुओं ने यात्रा की थी, जबकि वर्ष 2025 में पूरे यात्रा काल के दौरान यह संख्या करीब 51 लाख रही थी। इस बार आंकड़ा 65 लाख से अधिक पहुंचने से यात्रा ने नया कीर्तिमान बनाया है।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
केदारनाथ और बदरीनाथ में सबसे अधिक श्रद्धालु
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस वर्ष यमुनोत्री धाम में 8,84,841 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। गंगोत्री धाम में यह संख्या 10,07,177 रही। वहीं केदारनाथ धाम में 19,33,138 और बदरीनाथ धाम में 23,39,772 श्रद्धालु पहुंचे।
इसके अतिरिक्त सिखों के प्रसिद्ध तीर्थस्थल हेमकुंड साहिब में 3,90,696 श्रद्धालुओं ने मत्था टेका। इस तरह पांचों प्रमुख तीर्थस्थलों में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 65,55,624 दर्ज की गई। बदरीनाथ और केदारनाथ धाम श्रद्धालुओं की संख्या के लिहाज से प्रमुख केंद्र बने रहे।
ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप ने संभाली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
चारधाम यात्रा के प्रवेश द्वार ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप ने यात्रा संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यहां तीर्थयात्रियों के पंजीकरण, सत्यापन, मार्गदर्शन और जरूरी सूचनाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई थी। यात्रियों को यात्रा संबंधी जानकारी और सहायता देने के साथ विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी भी ट्रांजिट कैंप के माध्यम से निभाई गई।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यात्रा मार्गों पर व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी की गई।
कई विभागों के समन्वय से संचालित हुई यात्रा
चारधाम यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में प्रशासन के साथ पर्यटन विभाग, पुलिस, यातायात पुलिस, परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत, पेयजल, खाद्य आपूर्ति और नगर निकायों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यात्रा मार्गों पर यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सुविधाएं, पेयजल उपलब्धता, बिजली व्यवस्था और अन्य जरूरी सेवाओं को बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों ने समन्वय से काम किया। यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विभिन्न स्तरों पर सहायता और मार्गदर्शन की व्यवस्था भी की गई।
इस वर्ष श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या ने उत्तराखंड की धार्मिक पर्यटन क्षमता को एक बार फिर रेखांकित किया है। यात्रा संपन्न होने के साथ अब चारों धाम शीतकालीन प्रवास की तैयारियों और आगामी यात्रा सत्र की प्रतीक्षा में हैं। रिकॉर्ड तीर्थयात्री संख्या के साथ संपन्न हुई यह यात्रा राज्य के धार्मिक पर्यटन के लिहाज से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हुई है।


