पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर कर्मचारियों ने एनपीएस-यूपीएस की प्रतियां जलाईं
-
उत्तरकाशी। पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन के आह्वान पर गुरुवार को कर्मचारियों ने रामलीला मैदान में प्रदर्शन कर पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग उठाई। इस दौरान कर्मचारियों ने राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) और एकीकृत पेंशन योजना (UPS) की प्रतियां जलाकर विरोध जताया।
संगठन के जिलाध्यक्ष जय प्रकाश बिजल्वाण के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कर्मचारी रामलीला मैदान में जुटे। कर्मचारियों ने कहा कि उत्तराखंड में 1 अक्तूबर 2005 से सरकारी कर्मचारियों पर लागू एनपीएस का वे लगातार विरोध कर रहे हैं। अब कर्मचारी यूपीएस को भी स्वीकार नहीं कर रहे हैं।
पुरानी पेंशन बहाली की मांग
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मुख्य मांग पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली है। उनका कहना है कि जब तक पुरानी पेंशन बहाल नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
संगठन ने सरकार से मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांगों का शीघ्र निस्तारण नहीं किया गया तो कर्मचारी आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे।
प्रदर्शन के दौरान भूपेंद्र सिंह बिष्ट, गोपाल सिंह राणा, वीरेंद्र सिंह, जयप्रकाश गौड़, वीरेंद्र सिंह नेगी, गिरीश उनियाल, अजू पंवार और अजय रावत समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।

