टनकपुर ने दिनेशपुर को 2-1 से हराया, सेमीफाइनल में बनाई जगह

शक्तिफार्म: टैगोर नगर में मंगलवार को टैगोर ट्रॉफी फुटबॉल टूर्नामेंट का अंतिम क्वार्टरफाइनल मुकाबला खेला गया। रोमांचक मैच में टनकपुर ने दिनेशपुर को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। टनकपुर के हर्षित को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया और बढ़त बनाने के लिए लगातार गोल के प्रयास किए। पहले हाफ के अंतिम मिनट में टनकपुर के हर्षित ने दिनेशपुर की रक्षा पंक्ति के तीन खिलाड़ियों को छकाते हुए गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी।

दूसरे हाफ की शुरुआत में टनकपुर के करन ने एक और गोल कर टीम की बढ़त 2-0 कर दी। इसके बाद दिनेशपुर ने वापसी की कोशिश की और शुभम ने टीम के लिए एक गोल किया। हालांकि, टनकपुर ने अपनी बढ़त बनाए रखते हुए मुकाबला 2-1 से जीत लिया।

मैच का शुभारंभ पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन सुनील विश्वास, भाजपा नेता मृदुल त्रिपाठी, कृष्ण दास, विक्की मल्लिक और दीपक बढ़ाल ने किया। मुकाबले में अखिलेश मंडल रेफरी, अमित वैद्य और राहुल सहायक रेफरी रहे। वहीं जयंत मंडल, सव्यसाची हालदार, सुनील सरकार और रवि मजूमदार ने कमेंट्री की।

मुकाबले के आयोजन में रिपुसूदन मंडल, अशोक मंडल, सुमित विश्वास, सुजीत सरकार, सुबल विश्वास और चंद्रकांत दास समेत अन्य लोगों की मौजूदगी रही।

Leave a Reply