अनियंत्रित कार ने दुकान का गेट तोड़ा, आठ फीट ऊंचा पेड़ भी उखड़ा
श्यामपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार देर रात एक कार अचानक अनियंत्रित होकर खैरीखुर्द में एक दुकान में जा घुसी। हादसे में कार ने बाउंड्रीवाल और दुकान का गेट तोड़ दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गेट के सामने लगा करीब आठ फीट ऊंचा पेड़ भी जड़ से उखड़ गया। वहीं, दुकान से सटा चाय का खोखा भी क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना रविवार देर रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। कार ऋषिकेश की ओर जा रही थी और उसमें पांच लोग सवार थे। बताया गया कि हाईवे पर अचानक गड्ढा आने से कार अनियंत्रित हो गई और बाउंड्रीवाल तोड़ते हुए दुकान में जा घुसी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर जगह-जगह बने गड्ढों के कारण आए दिन वाहन अनियंत्रित होने का खतरा बना रहता है। लोगों ने सड़क की स्थिति सुधारने की मांग की है।
दुकान स्वामी धीरेंद्र ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी सुबह मोबाइल पर सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद हुई। इसके बाद उन्होंने रायवाला पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

