देहरादून में टपकेश्वर महादेव की 26वीं भव्य शोभायात्रा, सीएम धामी हुए शामिल
देहरादून। राजधानी देहरादून में बुधवार को भगवान श्री टपकेश्वर महादेव की 26वीं भव्य शोभायात्रा निकाली गई। त्रयोदशी के अवसर पर आयोजित इस शोभायात्रा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए और उन्होंने पूजा-अर्चना कर यात्रा का शुभारंभ किया।
शोभायात्रा सहारनपुर रोड स्थित श्री शिवाजी धर्मशाला से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ महंत कृष्ण गिरी महाराज, दिगंबर भरत गिरी महाराज और देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु व अतिथि भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
शोभायात्रा में श्री टपकेश्वर महादेव, श्री दूधेश्वर महादेव, श्री तपेश्वर महादेव, श्री देवेश्वर महादेव और ब्रह्मलीन महंत माया गिरी महाराज के डोले विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। आयोजकों के अनुसार इस वर्ष यात्रा को पहले से अधिक भव्य और आकर्षक स्वरूप दिया गया है।
श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए सेवा दल के सेवादार पुलिस प्रशासन के साथ प्रत्येक प्रमुख चौराहे पर तैनात रहे। यात्रा मार्ग की स्वच्छता के लिए 50-50 लोगों की दो टीमें भी लगाई गई हैं, जो शोभायात्रा के गुजरने के बाद तत्काल सफाई करेंगी।
स्वास्थ्य और आपातकालीन व्यवस्था के लिए दो एंबुलेंस यात्रा के साथ तैनात हैं। इनमें दो डॉक्टर और चार नर्स मौजूद हैं। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए एक फायर ब्रिगेड वाहन भी शोभायात्रा के साथ चल रहा है।
शोभायात्रा के टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने के बाद सत्संग भवन में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। भव्य धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

