चकराता में नशामुक्त समाज के लिए जागरूकता कार्यक्रम, लोगों ने ली शपथ

चकराता। छावनी बाजार स्थित आर्य समाज मंदिर में बुधवार को प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से ‘नशामुक्त समाज, स्वस्थ भारत’ थीम पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

ब्रह्माकुमारीज की वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बबीता ने कहा कि नशा व्यक्ति के शरीर और मन के साथ-साथ पारिवारिक रिश्तों को भी प्रभावित करता है। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की।

छावनी परिषद सदस्य अनिल चांदना ने कहा कि तनाव के कारण युवा नशे की ओर तेजी से आकर्षित हो रहे हैं। उन्होंने राजयोग मेडिटेशन को इच्छाशक्ति मजबूत करने में सहायक बताया। पूर्व छावनी परिषद सदस्य आनंद राणा और व्यापार मंडल उपाध्यक्ष दिनेश चांदना ने भी नशे के दुष्प्रभावों पर विचार रखे।

कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ ली। ब्रह्माकुमारीज के अनुसार यह जागरूकता अभियान पूरे महीने चलेगा। इसके तहत गांव-गांव जाकर लोगों को नशामुक्त समाज बनाने के लिए शपथ दिलाई जाएगी।

कार्यक्रम में व्यापार मंडल अध्यक्ष केशर चौहान, आनंद राणा, संजय जैन, अनिल चांदना, दिनेश चांदना और बच्चन राणा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply