आईजी भरणे समेत 14 पुलिस अफसर व कर्मियों को मुख्यमंत्री मेडल; आज दिए जाएंगे पदक

देहरादून: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के 14 अफसरों और कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा। इनमें आठ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सेवा के आधार पर, जबकि छह को विशिष्ट कार्य के लिए यह सम्मान दिया जाएगा। पदक आज स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान प्रदान किए जाएंगे।

सेवा के आधार पर मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक पाने वालों में आईजी एसटीएफ डॉ. नीलेश आनंद भरणे, एएसपी रेवाधर मठपाल, डीएसपी भास्कर लाल शाह, डीएसपी त्रिवेंद्र सिंह राणा, डीएसपी मनीष जस्वाल, इंस्पेक्टर गिरीबर सिंह रावत, इंस्पेक्टर मोहम्मद यासीन और प्लाटून कमांडर दिनेश चंद्र शामिल हैं।

वहीं, विशिष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक पाने वालों में एलआईयू इंस्पेक्टर मनोज मनराल और एसआई विनोद कुमार को मरणोपरांत सम्मान दिया जाएगा। इनके अलावा आईजी सुनील कुमार मीणा, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, एएसपी शांतनु पराशर और डीएसपी मनोज असवाल को भी पदक से सम्मानित किया जाएगा।

इसके साथ ही स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड पुलिस के 154 अन्य अफसरों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इनमें 25 को डीजीपी प्रशस्ति डिस्क सिल्वर, 12 को डीजीपी प्रशस्ति डिस्क गोल्ड, 89 को विशिष्ट कार्य के लिए डीजीपी सिल्वर डिस्क और 12 को विशिष्ट कार्य के लिए डीजीपी गोल्ड डिस्क प्रदान की जाएगी। इसके अलावा 16 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को डीजीपी प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।

डीजीपी दीपम सेठ ने सभी सम्मानित होने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply