मेडिकल कॉलेज के लिए संघर्ष समिति ने गांवों में मांगा समर्थन, 16 अगस्त को निकलेगी रैली
नई टिहरी। टिहरी में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के निर्माण की मांग को लेकर श्रीदेव सुमन पार्क में चल रहा जनजागरण सत्याग्रह मंगलवार को 10वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन को व्यापक समर्थन दिलाने के लिए मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति ने अब ग्रामीण क्षेत्रों का रुख किया है।
समिति से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने चंबा के रानीचौरी और बादशाहीथौल पहुंचकर ग्रामीणों से आंदोलन में समर्थन देने की अपील की। इस दौरान श्रीदेव सुमन पार्क में सत्याग्रह पर बैठे पूर्व जिला पंचायत सदस्य जीतराम भट्ट को डोबरा और चौपड़ा गांव के ग्रामीणों ने भी समर्थन दिया।
ग्रामीणों ने कहा कि जिला अस्पताल बौराड़ी में पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। गंभीर बीमारी या उपचार की आवश्यकता होने पर क्षेत्र के लोगों को ऋषिकेश और देहरादून जाना पड़ता है। ऐसे में टिहरी में मेडिकल कॉलेज का निर्माण स्थानीय लोगों के लिए बेहद जरूरी है।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य जीतराम भट्ट ने कहा कि सरकार को क्षेत्र की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और जनता की भावनाओं को देखते हुए पूर्व प्रस्तावित स्थान पर ही मेडिकल कॉलेज निर्माण की जल्द घोषणा करनी चाहिए।
संघर्ष समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल और सह संयोजक भगवान सिंह राणा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर 16 अगस्त को नगर क्षेत्र में जनरैली निकाली जाएगी। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से रैली में शामिल होने की अपील की।
इस दौरान हीरा लाल भट्ट, कांतिराम, जमना प्रसाद भट्ट और सुंदर लाल समेत कई लोग मौजूद रहे।

