भाजपा का दो माह का एक्शन प्लान: विधायक सीधे सीएम को बताएंगे अपनी जरूरत, 23 सीटों पर विशेष फोकस
देहरादून:
दिल्ली में हुई भाजपा की कोर कमेटी की बैठक के बाद उत्तराखंड भाजपा ने आगामी दो माह के लिए अपना एक्शन प्लान तैयार किया है। इस योजना के तहत पार्टी के विधायक मानसून के दौरान अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में सक्रिय रहकर जनता की समस्याओं का समाधान कराने पर ध्यान देंगे। विधायक स्थानीय विकास कार्यों और चुनावी वादों से जुड़ी आवश्यकताओं को सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचाएंगे, ताकि समस्याओं का त्वरित निस्तारण हो सके।
बैठक में संगठन को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया। पार्टी पुराने और उपेक्षित महसूस कर रहे कार्यकर्ताओं तक पहुंच बनाने का अभियान चलाएगी, ताकि कोर वोट बैंक को एकजुट रखा जा सके। अगले दो माह के सभी संगठनात्मक कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई गई है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पदाधिकारियों ने भी विधायकों और संगठन पदाधिकारियों की क्षेत्रीय सक्रियता बढ़ाने तथा जनसंपर्क मजबूत करने पर बल दिया। उनकी गतिविधियों की समीक्षा भी की जाएगी।
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा जातिगत समीकरणों के बजाय विभिन्न सामाजिक वर्गों पर फोकस करेगी। महिलाओं, पूर्व सैनिकों और सितंबर से लौटने वाले पहले अग्निवीर बैच के युवाओं को रोजगार और संगठन से जोड़ने के लिए विशेष योजनाएं बनाई जाएंगी।
इसके अलावा, 2022 के विधानसभा चुनाव में जिन 23 सीटों पर भाजपा को हार मिली थी, वहां अगले छह माह तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने, वरिष्ठ नेताओं के प्रवास और मजबूत स्थानीय नेतृत्व तैयार करने पर पार्टी का विशेष ध्यान रहेगा।

