बेटी के समर प्रोग्राम के लिए मसूरी पहुंचे शाहिद कपूर, प्रशंसकों संग खिंचवाई तस्वीरें

देहरादून, 6 जुलाई। बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर रविवार को पत्नी मीरा राजपूत, बेटी मिशा कपूर और बेटे जैन कपूर के साथ मसूरी पहुंचे। उन्होंने अपनी बेटी मिशा का दाखिला एक प्रतिष्ठित स्कूल के समर प्रोग्राम में कराया। छात्रावास में बेटी को छोड़ने के बाद शाहिद परिवार के साथ मुंबई लौट गए।

स्कूल का यह वर्ष का दूसरा समर प्रोग्राम है, जिसमें देश और विदेश से आए 151 बच्चे हिस्सा ले रहे हैं। करीब 12 दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में शैक्षणिक, रचनात्मक, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

स्कूल परिसर के दौरे के दौरान शाहिद कपूर ने मुख्य भवन, कैफेटेरिया और छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर की प्राकृतिक सुंदरता का भी आनंद लिया।

शाहिद कपूर के मसूरी पहुंचने की खबर मिलते ही स्कूल परिसर और आसपास उनके प्रशंसकों की भीड़ जुट गई। अभिनेता ने मीडिया से बातचीत नहीं की, लेकिन मुस्कुराकर प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार किया और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

यह दौरा पूरी तरह निजी रहा और मुख्य उद्देश्य उनकी बेटी को समर प्रोग्राम में शामिल कराना था।

Leave a Reply