भाजपा नेता हत्याकांड: शव घर पहुंचते ही मचा कोहराम, गांव में पसरा मातम, पांचवां आरोपी गिरफ्तार
विकासनगर: भाजपा नेता विनोद कुमार की हत्या के बाद सोमवार को उनका पार्थिव शरीर घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए और पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया। परिजन शव से लिपटकर रोते-बिलखते नजर आए।
जानकारी के अनुसार, परिजनों की कुछ मांगों पर प्रशासन के आश्वासन के बाद शव को घर लाया गया। परिजनों ने मृतक के परिवार को मुआवजा, पत्नी को सरकारी नौकरी तथा घटना के बाद पथराव और आगजनी के मामले में दर्ज 135 लोगों पर से मुकदमा वापस लेने की मांग रखी।
इस बीच पुलिस ने हत्या मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
मृतक के भाई अशोक कुमार की शिकायत पर सहसपुर कोतवाली में हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस की कई टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया। इससे पहले चार आरोपी—रज्जाक, सलमान, जावेद और शहबाज—गिरफ्तार किए जा चुके थे। सोमवार को फरार चल रहे आरोपी इम्तियाज पुत्र शमसुद्दीन निवासी लखनवाला, सहसपुर को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच के अनुसार, यह घटना पुरानी रंजिश से जुड़ी बताई जा रही है। बताया गया कि विनोद कुमार और उनके परिवार ने पूर्व प्रधान के कार्यकाल से जुड़े मामलों में सूचना के अधिकार (RTI) के तहत जानकारी मांगी थी और कुछ शिकायतें भी दर्ज कराई थीं, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
शनिवार देर रात सहसपुर क्षेत्र में खेत में पानी लगाने के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि धारदार और भारी हथियारों से हमला किया गया, जिसमें विनोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें और उनके भाइयों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान विनोद कुमार की मृत्यु हो गई।
पति की मौत से आहत विनोद कुमार की पत्नी का दर्द गुस्से में भी दिखाई दिया। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों और परिजनों ने भी दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा देने की मांग की है।

