केदारनाथ और यमुनोत्री में भीड़ बढ़ने पर पंजीकरण बंद, श्रद्धालुओं ने किया हंगामा

हरिद्वार: उत्तराखंड की चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने के कारण केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के लिए पंजीकरण अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए। इससे हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान स्थित रजिस्ट्रेशन सेंटर में श्रद्धालुओं ने नाराजगी जताई और हंगामा किया।

पिछले दो दिनों से चारधाम यात्रा अपने चरम पर है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंच रहे हैं। धामों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन सीमित संख्या में ही पंजीकरण कर रहा है। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे पंजीकरण प्रक्रिया रोक दी गई, जिसके बाद लंबी कतारों में लगे श्रद्धालुओं को मायूस होकर लौटना पड़ा।

श्रद्धालुओं का कहना है कि वे रातभर लाइन में लगे रहे, लेकिन बिना पूर्व सूचना के काउंटर बंद कर दिए गए। पहले 24 घंटे पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध थी, जिससे लोगों को उम्मीद थी कि उनका नंबर आ जाएगा।

राजस्थान के अजमेर से आई प्रेमा देवी ने बताया कि उनका 27 लोगों का दल दो दिनों से पंजीकरण का इंतजार कर रहा है। वहीं छत्तीसगढ़ के भरातुराम साहू ने कहा कि उनका 95 लोगों का समूह सुबह सात बजे से लाइन में खड़ा था, लेकिन दोपहर में पंजीकरण बंद होने से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

झारखंड से आए श्रद्धालु फुलेश्वर ने बताया कि वे कई दिनों से हरिद्वार में भटक रहे हैं और रात दो बजे से लाइन में लगने के बावजूद उनका पंजीकरण नहीं हो सका। नाराज यात्रियों ने प्रशासन से जल्द पंजीकरण शुरू करने की मांग की।

स्थिति को संभालने के लिए अधिकारियों ने श्रद्धालुओं को समझाकर शांत कराया और अगले दिन सुबह फिर से पंजीकरण शुरू करने का आश्वासन दिया।

हरिद्वार के जिला पर्यटन विकास अधिकारी सुशील नौटियाल ने कहा कि केदारनाथ और यमुनोत्री में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के कारण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर दोपहर दो बजे पंजीकरण बंद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सुबह दोबारा पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

Leave a Reply