उत्तराखंड में गर्मी से राहत के संकेत, तीन दिन बाद गिरेगा तापमान
देहरादून। उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर सामने आई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले तीन दिनों के बाद प्रदेशभर के अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग ने 22 मई के लिए देहरादून समेत उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में बिजली चमकने के साथ करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
बीते कुछ दिनों से मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ी क्षेत्रों में भी गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। लगातार बढ़ते तापमान के कारण दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं का असर साफ देखा जा रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि तेज हवाओं और मौसम में बदलाव का असर पर्वतीय इलाकों के तापमान पर भी पड़ेगा, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं आगामी दिनों में मौसम के बदले मिजाज से प्रदेशभर में तापमान में गिरावट आने के आसार हैं।

