बारिश और बर्फबारी के बीच भी जारी चारधाम यात्रा, केदारनाथ में कड़ाके की ठंड

रुद्रप्रयाग/बड़कोट: उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम लगातार खराब बना हुआ है, लेकिन इसके बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। बदरीनाथ धाम और यमुनोत्री धाम में बारिश हो रही है, जबकि केदारनाथ धाम में बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बीच भी दर्शन जारी हैं।

सोमवार को केदारनाथ में लगातार बर्फबारी के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। यात्रा शुरू होने के 12 दिनों के भीतर ही तीन लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। पुलिस और प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से सुरक्षित दर्शन कराए जा रहे हैं।

मौसम की कठिन परिस्थितियों के बावजूद प्रशासन, पुलिस और मंदिर समिति के कर्मचारी पूरी मुस्तैदी से व्यवस्था संभाल रहे हैं। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे यात्रा के दौरान गर्म कपड़े, रेनकोट और जरूरी दवाइयां साथ रखें।

वहीं यमुना घाटी में तेज गर्जना के साथ बारिश होने से ठंड बढ़ गई है। जानकीचट्टी से यमुनोत्री जाने वाला पैदल मार्ग और हाईवे फिलहाल सुचारू हैं, हालांकि बारिश के कारण श्रद्धालुओं को कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Leave a Reply