उत्तराखंड में स्व-गणना का आज अंतिम दिन, कल से घर-घर पहुंचेगी गणना टीम
उत्तराखंड । उत्तराखंड में चल रही डिजिटल भवन स्व-गणना का आज अंतिम दिन है। इसके बाद 25 अप्रैल से प्रगणकों की टीमें घर-घर जाकर मकान सूचीकरण और गणना का कार्य शुरू करेंगी। इस प्रक्रिया के लिए जनगणना निदेशालय ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
प्रदेश में 10 अप्रैल से शुरू हुई इस डिजिटल स्व-गणना में अब तक करीब 56 हजार लोगों ने घर बैठे अपनी जानकारी दर्ज कराई है। सभी को एसई (Self Enumeration) आईडी जारी की जा चुकी है। अलग-अलग जिलों से भी अच्छी भागीदारी देखने को मिली है, जिनमें देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर प्रमुख हैं।
दूसरे चरण में 25 अप्रैल से 24 मई तक घर-घर गणना का कार्य किया जाएगा। इसके लिए 4491 सुपरवाइजर और 26,348 प्रगणकों सहित कुल 30,839 लोगों की टीम तैनात की गई है।
जो लोग पहले ही डिजिटल स्व-गणना कर चुके हैं, उनके घर भी प्रगणक पहुंचेंगे। वे उनसे एसई आईडी लेकर जानकारी का सत्यापन करेंगे और डेटा को अंतिम रूप देंगे। वहीं, जिन लोगों ने अभी तक स्व-गणना नहीं की है, उन्हें 33 सवालों के जवाब देने होंगे, जिसके बाद उनकी भवन गणना पूरी की जाएगी।
इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य राज्य में सटीक और व्यवस्थित जनगणना सुनिश्चित करना है, ताकि भविष्य की योजनाओं और विकास कार्यों के लिए सही आंकड़े उपलब्ध हो सकें।

