टिहरी में भालू का हमला, ग्राम प्रधान और वन दरोगा समेत तीन लोग घायल
टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी जिले में भालू के हमले की एक खतरनाक घटना सामने आई है। थौलधार ब्लॉक के सुल्याधार क्षेत्र के पास जंगल में भालू ने ग्राम प्रधान, वन दरोगा और एक अन्य व्यक्ति पर हमला कर दिया, जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान युद्धवीर सिंह रावत, वन दरोगा अजयपाल पंवार और विनोद सिंह रावत भालू की गतिविधियों का निरीक्षण करने जंगल गए थे। इसी दौरान पहले से मौजूद भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
हमले के दौरान तीनों ने हिम्मत दिखाते हुए काफी देर तक भालू का सामना किया और अंततः उसे भगाने में सफल रहे। हालांकि, इस संघर्ष में भालू ने अपने नाखूनों से उनके शरीर पर कई गहरे घाव कर दिए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को कंधों के सहारे सड़क तक लाया गया। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया गया।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी इसी क्षेत्र में एक महिला पर भालू ने हमला किया था, जो गंभीर रूप से घायल हुई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, और ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

