गैस सिलिंडर की कमी पर देहरादून में हंगामा, शिमला बाईपास एक घंटे तक जाम
देहरादून: गैस सिलिंडर की कमी से नाराज लोगों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। राजधानी देहरादून के शिमला बाईपास पर आक्रोशित लोगों ने जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।
नया गांव चौकी क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और गैस एजेंसी संचालकों तथा आपूर्ति विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालात ऐसे हो गए कि भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।
इस बीच प्रशासन ने एलपीजी की कालाबाजारी रोकने के लिए सख्ती बढ़ा दी है। क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) ने कई गैस एजेंसियों पर छापेमारी कर स्टॉक और वितरण व्यवस्था की जांच की। अधिकारियों ने एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गैस वितरण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए।
आपूर्ति विभाग के अनुसार, जिले में गैस की उपलब्धता बढ़ाने के प्रयास जारी हैं। हाल ही में हजारों सिलिंडर पहुंचे हैं और बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को वितरण भी किया गया है, लेकिन मांग अधिक होने के कारण समस्या पूरी तरह से हल नहीं हो पाई है।

