मसूरी में शाही अंदाज़ में होगी कुलदीप यादव की शादी, बचपन की दोस्त वंशिका संग लेंगे सात फेरे

मसूरी ।  टीम इंडिया के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव आज अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। उत्तराखंड के खूबसूरत हिल स्टेशन मसूरी में आयोजित यह शाही शादी इन दिनों सुर्खियों में है। इस समारोह में क्रिकेट जगत और मनोरंजन जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हो रही हैं।

शादी समारोह में शामिल होने के लिए पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना, युजवेंद्र चहल और मोहम्मद कैफ भी मसूरी पहुंच चुके हैं। शादी के मुख्य कार्यक्रम शनिवार, 14 मार्च को आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे नाश्ते के साथ हुई, जबकि दोपहर 12 बजे मेहमानों के लिए भव्य भोजन की व्यवस्था की गई है। शाम 4 बजे हाई टी के साथ साफा बांधने की रस्म होगी। इसके बाद शाम 5 बजे प्रीमियम वैली व्यू विंग से बारात निकलेगी।

शाम 6:30 बजे सेंट्रल लॉज में जयमाला का कार्यक्रम होगा और इसके बाद रॉयल बॉलरूम में सात फेरों की रस्म संपन्न की जाएगी।

शादी के कार्यक्रम तीन दिनों तक चलेंगे, जिसमें मेहमानों के लिए खास भोजन और पारंपरिक कार्यक्रमों की व्यवस्था की गई है। 13 मार्च को हल्दी, मेहंदी, सगाई, संगीत और कॉकटेल पार्टी जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें कुलदीप और वंशिका ने जमकर डांस भी किया।

इस शाही शादी में मेहमानों के लिए पहाड़ी व्यंजनों के साथ-साथ आधुनिक भोज की भी खास व्यवस्था की गई है। वहीं 15 मार्च को सुबह नाश्ते के बाद मेहमानों की विदाई और चेक-आउट का कार्यक्रम रखा गया है।

Leave a Reply