सीएम धामी बोले– गैरसैंण को हमने हृदय में बसाया, विपक्ष के हर सवाल का देंगे जवाब

भराड़ीसैंण (चमोली): उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि सरकार सदन की कार्यवाही से पीछे नहीं हट रही है। उन्होंने संकेत दिए कि जरूरत पड़ने पर विधानसभा सत्र की अवधि बढ़ाई भी जा सकती है ताकि सभी मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हो सके।

राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष लगातार यह आरोप लगा रहा है कि सरकार सदन नहीं चलाना चाहती, लेकिन यह सही नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में सबसे अधिक विधानसभा सत्र आयोजित किए गए हैं और भविष्य में इनकी संख्या और बढ़ाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो शनिवार को भी सत्र चलाया जा सकता है, रविवार को अवकाश के बाद सोमवार को फिर से चर्चा जारी रखी जा सकती हैउन्होंने स्पष्ट कहा कि विपक्ष जितनी चर्चा करना चाहता है, सरकार उसके लिए तैयार है और विपक्ष के हर सवाल का जवाब दिया जाएगा।

सीएम धामी ने यह भी कहा कि गैरसैंण पहाड़ की उम्मीद और स्वाभिमान का प्रतीक है और सरकार ने इसे हमेशा विशेष महत्व दिया है। उन्होंने कहा, हमने गैरसैंण को अपने हृदय में बसाया है। यही कारण है कि विधानसभा सत्र के अलावा भी यहां कई सरकारी कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।”

मुख्यमंत्री के इस बयान को विपक्ष के उन आरोपों के जवाब के रूप में देखा जा रहा है, जिनमें कहा जा रहा था कि सरकार गैरसैंण और सदन की कार्यवाही को पर्याप्त महत्व नहीं दे रही।

Leave a Reply