विकासनगर में भीषण सड़क हादसा: 30 यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, तीन की मौत, कई घायल

देहरादून।   देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हिमाचल प्रदेश की रोडवेज बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में अब तक दो महिलाओं और एक पुरुष की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के नेरवा से पांवटा साहिब जा रही एचपी रोडवेज की बस हरिपुर–कोटी–मीनस राजमार्ग पर क्वानू के पास हादसे का शिकार हुई। बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे।

हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। थाना प्रभारी कालसी दीपक धारीवाल ने बताया कि घायलों को रेस्क्यू कर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बताया कि उन्होंने जिला मजिस्ट्रेट से फोन पर बात कर आवश्यक निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा राहत कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। आसपास के सभी मेडिकल सेंटरों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और जरूरत पड़ने पर गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में भेजा जाएगा।

Leave a Reply