राष्ट्रीय युवा दिवस पर सीएम धामी की बड़ी घोषणा, उत्तराखंड में बनेगा स्वामी विवेकानंद कॉरिडोर
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर देहरादून के परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला और युवक मंगल दलों को सम्मानित किया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दलों को क्रमशः एक लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में युवाओं को भविष्य के लिए तैयार करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने घोषणा की कि स्वामी विवेकानंद ने उत्तराखंड की पावन भूमि पर जिन स्थलों पर तपस्या कर ज्ञान प्राप्त किया था, उन्हें चिह्नित कर राज्य में स्वामी विवेकानंद कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने स्वामी विवेकानंद को आधुनिक भारत का युगद्रष्टा बताते हुए कहा कि उन्होंने संपूर्ण विश्व को भारत की सनातन संस्कृति, अध्यात्म और दर्शन से परिचित कराया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ऐसे ऋषि थे, जिन्होंने परतंत्रता की बेड़ियों में जकड़े राष्ट्र में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की चेतना को पुनः जागृत किया। उनके शिकागो में दिए गए ऐतिहासिक उद्बोधन ने विश्व को भारत की आध्यात्मिक शक्ति का संदेश दिया। स्वामी विवेकानंद का युवा शक्ति पर अटूट विश्वास था और वे युवाओं को राष्ट्र के पुनर्जागरण का सबसे सशक्त माध्यम मानते थे।
उन्होंने कहा कि कोई भी राष्ट्र तब तक पूर्ण रूप से विकसित नहीं हो सकता, जब तक उसकी युवा शक्ति संगठित, आत्मनिर्भर और राष्ट्रवाद की भावना से प्रेरित न हो। युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है, जो अपने परिश्रम, प्रतिभा और संकल्प से सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभा सकती है।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने विश्व में सनातन मूल्यों और भारतीय संस्कृति की सर्वोच्चता स्थापित की। कार्यक्रम में विधायक खजानदास, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल डॉ. आशीष चौहान सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
विजेता दल:
महिला मंगल दल धापला (नैनीताल) को प्रथम, महिला मंगल दल सेमा (चमोली) को द्वितीय और महिला मंगल दल बनाली (टिहरी गढ़वाल) को तृतीय स्थान मिला। युवक मंगल दल मोख मल्ला (चमोली) प्रथम, युवक मंगल दल सुनरपुर रैक्वाल (नैनीताल) द्वितीय और युवक मंगल दल चौड़ीराय (चंपावत) तृतीय स्थान पर रहा। भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं और एनएसएस अवार्ड प्राप्त युवाओं को भी सम्मानित किया गया। एनएसएस द्वारा मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 2 लाख 24 हजार 320 रुपये का चेक मुख्यमंत्री को सौंपा गया।

