मिलेट्स, हस्तशिल्प और पहाड़ी व्यंजनों ने जीता लोगों का दिल, ट्रेड महोत्सव में बढ़ी रौनक

देहरादून। उत्तराखंड की पारंपरिक संस्कृति, स्थानीय उत्पादों और पहाड़ी खानपान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित उत्तराखंड ट्रेड महोत्सव लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। त्योहारी सीजन के बीच महोत्सव में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। यहां लगे विभिन्न स्टॉल पर पहाड़ के पारंपरिक उत्पादों से लेकर हस्तशिल्प और हथकरघा सामग्री तक की खरीदारी हो रही है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय के प्रांगण में आयोजित इस महोत्सव में स्थानीय उत्पादों को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। मिलेट्स से तैयार खाद्य सामग्री, पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा उत्पाद और उत्तराखंड के विशेष व्यंजनों की खूब मांग है। पहाड़ी स्वाद का आनंद लेने के लिए भी लोग परिवार के साथ मेले में पहुंच रहे हैं।

हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"

महोत्सव में स्थानीय व्यापारियों, उद्यमियों, छोटे कारोबारियों, विक्रेताओं और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए बेहतर मंच मिल रहा है। इसके अलावा मिलेट्स उत्पादों के साथ कश्मीरी शॉल-सूट, जयपुरी चूरन-सुपारी, खुर्जा की क्रॉकरी, भदोही के कालीन, आभूषण, प्लास्टिक सामग्री और खेल उत्पादों के स्टॉल भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।

स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ

उत्तराखंड ट्रेड महोत्सव के आयोजक सुनील रावत ने बताया कि आयोजन को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। लगातार बढ़ती लोकप्रियता और खरीदारों की संख्या को देखते हुए महोत्सव को अब 15 नवंबर तक जारी रखने का निर्णय लिया गया है। इससे स्थानीय कारोबारियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए अतिरिक्त अवसर मिलेगा।

महोत्सव में खरीदारी के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों का भी विशेष ध्यान रखा गया है। प्रत्येक दिन सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। बच्चों को भी मंच प्रदान किया जा रहा है, ताकि वे अपनी कला और हुनर का प्रदर्शन कर सकें।

उत्तराखंड ट्रेड महोत्सव स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ ही प्रदेश की संस्कृति, खानपान और पारंपरिक हुनर को पहचान दिलाने का माध्यम बन रहा है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहन मिलने के साथ छोटे व्यापारियों और स्वयं सहायता समूहों की आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिल सकती है।

Leave a Reply