गैरसैंण विधानसभा सत्र के लिए तैयारियां तेज, 31 विधायकों ने अब तक भेजे 426 सवाल
देहरादून। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में 27 और 28 अक्टूबर को दो दिवसीय विधानसभा सत्र आयोजित किया जाएगा। सत्र को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए विधानसभा सचिवालय ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अब तक पक्ष और विपक्ष के 31 विधायकों की ओर से कुल 426 प्रश्न प्राप्त हो चुके हैं।
बुधवार को यमुना कॉलोनी स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने सत्र की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विधानसभा सत्र 27 अक्टूबर को सुबह 11 बजे शुरू होगा। सत्र के बेहतर और व्यवस्थित संचालन के लिए सचिवालय पूरी तरह तैयार है। भराड़ीसैंण में विधायकों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त किया जा रहा है।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
स्थानीय मुद्दों को उठाने का मिलेगा अवसर
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सत्र के लिए अब तक 31 विधायकों से 426 प्रश्न प्राप्त हुए हैं। उनका प्रयास रहेगा कि निर्धारित समय का अधिकतम उपयोग हो और पक्ष-विपक्ष के विधायकों को अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय मुद्दों को सदन में उठाने का पर्याप्त अवसर मिले। इन मुद्दों पर सरकार की ओर से जवाब भी दिया जा सकेगा।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
सत्र की अवधि तय करना सरकार का काम
सत्र केवल दो दिन का होने के सवाल पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने स्पष्ट किया कि विधानसभा सत्र कितने दिन और कहां आयोजित होगा, इसका निर्णय सरकार करती है। अध्यक्ष की जिम्मेदारी सदन की कार्यवाही को व्यवस्थित और सुचारु रूप से संचालित करना है।
उन्होंने कहा कि इस बार विधानसभा सत्र के लिए 27 और 28 अक्टूबर का समय निर्धारित किया गया है। सरकार ने गैरसैंण के भराड़ीसैंण में सत्र आयोजित करने का निर्णय लिया है।
करवा चौथ के चलते दो दिन का सत्र
29 अक्टूबर को करवा चौथ का पर्व होने के कारण विधानसभा सत्र की अवधि दो दिन निर्धारित की गई है। ऐसे में विधानसभा सचिवालय का प्रयास रहेगा कि सीमित समय में अधिक से अधिक महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हो और विधायकों को जनहित से जुड़े मुद्दे उठाने का अवसर मिल सके।
अब सभी की निगाहें 27 अक्टूबर से शुरू होने वाले सत्र पर टिकी हैं। दो दिन के इस सत्र में प्रदेश के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के साथ सरकार और विपक्ष के बीच राजनीतिक बहस भी देखने को मिल सकती है।


