सेवा दिवस पर स्वास्थ्य शिविर, 100 लोगों की निशुल्क जांच
काशीपुर। मंडी समिति काशीपुर में 16 और 17 सितंबर को सेवा दिवस मनाया गया। कार्यक्रम के तहत पहले दिन ‘स्वच्छ मंडी-स्वच्छ किसान’ अभियान चलाकर मंडी परिसर में विशेष सफाई अभियान किया गया।
इस दौरान अधिकारियों ने किसानों को मंडी परिषद की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। किसानों को ई-नाम, किसान पेंशन और दुर्घटना बीमा समेत अन्य योजनाओं के बारे में बताया गया।
सेवा दिवस के दूसरे दिन मंडी परिसर में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। मंडी सचिव योगेश तिवारी ने बताया कि शिविर में किसानों, व्यापारियों, आढ़तियों और पल्लेदारों सहित करीब 100 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।
शिविर में लोगों की बीपी, पल्स रेट, ब्लड शुगर, सीबीसी, एचबी, ईएसआर, टीएलसी, डीएलसी और आरबीसी काउंट समेत कई स्वास्थ्य जांच निशुल्क की गईं। इससे मंडी से जुड़े लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जांच की सुविधा मिली।

