नेपाल में भीषण बाढ़ के बाद चंपावत प्रशासन अलर्ट, हेल्पलाइन नंबर जारी
चंपावत: नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में अचानक आई भीषण बाढ़ के बाद उत्तराखंड सरकार और चंपावत जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर हैं। प्रशासन ने नेपाल के प्रभावित क्षेत्रों में फंसे उत्तराखंड के नागरिकों की सहायता के लिए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून के हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिले के लोगों से अपील की है कि यदि नेपाल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में कोई उत्तराखंड निवासी फंसा हुआ है या किसी परिचित के बारे में जानकारी चाहिए तो तत्काल अधिकृत हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।
उन्होंने कहा कि संबंधित व्यक्ति का नाम, मोबाइल नंबर, नेपाल में संभावित स्थान और उपलब्ध अन्य जानकारी प्रशासन को देने से राहत और बचाव एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलेगी। इससे जरूरतमंद लोगों तक जल्द सहायता पहुंचाई जा सकेगी।
जिलाधिकारी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और आपदा से संबंधित जानकारी केवल अधिकृत माध्यमों से साझा करने की अपील की है।
प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी
जिला प्रशासन राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और संबंधित विभागों के साथ लगातार संपर्क में है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी हैं।
ये हैं हेल्पलाइन नंबर
नेपाल में फंसे उत्तराखंड के नागरिकों या उनके परिजनों से जुड़ी जानकारी के लिए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून से इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है:
0135-2710334
0135-2710335
0135-2664314
0135-2664315
0135-2664316
8218867005
टोल फ्री नंबर: 1070
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय अधिकृत हेल्पलाइन के माध्यम से जानकारी दें, ताकि समय रहते राहत और बचाव कार्य किया जा सके।

