देहरादून में झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, आज भी भारी बारिश का अलर्ट
देहरादून: मंगलवार देर शाम देहरादून में मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई। बारिश के बाद शहर का तापमान गिरने से लोगों को उमस और गर्मी से काफी राहत मिली।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बुधवार को देहरादून और बागेश्वर जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में तेज गर्जन और बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है।
इसके अलावा टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 10 अगस्त तक प्रदेशभर में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

