उत्तराखंड मौसम: देहरादून और बागेश्वर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, आज स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार, 5 अगस्त के लिए देहरादून और बागेश्वर जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज गर्जन और बिजली चमकने की भी चेतावनी दी गई है।
इसके अलावा टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने देहरादून और बागेश्वर में कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। यह निर्णय विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 10 अगस्त तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश के चलते भूस्खलन, जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

