चकराता के लकी रावत करेंगे नॉर्थ पोल अभियान में भारत का प्रतिनिधित्व

चकराता (देहरादून): उत्तराखंड के चकराता निवासी और सेपियंस स्कूल के कक्षा 10 के छात्र लकी रावत का चयन प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक एवं शैक्षिक अभियान “आइस ब्रेकर ऑफ नॉलेज” के लिए हुआ है। इस अभियान में वह भारत के एकमात्र छात्र प्रतिनिधि के रूप में शामिल हुए हैं।

यह दस दिवसीय अभियान रूस के मुरमान्स्क से शुरू हुआ है, जिसमें 22 देशों के 14 से 16 वर्ष आयु वर्ग के छात्र भाग ले रहे हैं। अभियान के दौरान प्रतिभागी न्यूक्लियर आइसब्रेकर जहाज “50 लेट पोबेडी” पर सवार होकर 90 डिग्री उत्तरी अक्षांश (नॉर्थ पोल) तक की ऐतिहासिक यात्रा करेंगे। इस अभियान में शामिल छात्र दुनिया के उन चुनिंदा लोगों में होंगे जिन्हें नॉर्थ पोल तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।

लकी रावत ने बताया कि इस अभियान के लिए उन्हें तीन चरणों वाली कठिन चयन प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। प्रत्येक देश से केवल एक छात्र का चयन किया गया, और भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह अनुभव विज्ञान, अनुसंधान और वैश्विक सहयोग के क्षेत्र में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा देगा।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य छात्रों को आर्कटिक, जलवायु परिवर्तन, ध्रुवीय पारिस्थितिकी, समुद्री विज्ञान और वैज्ञानिक अनुसंधान से व्यावहारिक रूप से जोड़ना है। साथ ही, विभिन्न देशों के युवा वैज्ञानिकों और छात्रों के बीच ज्ञान तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना भी इसका प्रमुख लक्ष्य है।

लकी रावत पढ़ाई के साथ-साथ जूडो के भी उत्कृष्ट खिलाड़ी हैं। उनके पिता राम सिंह ने बेटे की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि कठिन ऑनलाइन परीक्षा और चयन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पार कर भारत का प्रतिनिधित्व करना पूरे परिवार के लिए गर्व और सम्मान की बात है।

Leave a Reply