कारगिल विजय दिवस पर राज्यपाल गुरमीत सिंह ने शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि
देहरादून: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह ने देहरादून स्थित चीड़बाग शौर्य स्थल पहुंचकर कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने वीर नारियों को सम्मानित करते हुए उनके साहस और योगदान को नमन किया।
राज्यपाल ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों का ऋण कभी नहीं चुकाया जा सकता। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में उत्तराखंड के 75 वीर जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया और राज्य को 39 विशेष सम्मान प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि कठिन और प्रतिकूल परिस्थितियों में भी भारतीय सैनिकों का मनोबल अटूट रहा और उन्होंने अदम्य साहस के साथ विजय हासिल की।
उन्होंने वीर नारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है और शहीद सैनिकों के परिवारों का सम्मान तथा सहयोग करना सभी का दायित्व है। राज्यपाल ने कहा कि आज शहीद सैनिक जहां भी होंगे, वे अपने परिवारों को मिल रहे सम्मान और देशवासियों की कृतज्ञता को देखकर गर्व महसूस कर रहे होंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी गांधी पार्क स्थित शौर्य स्थल पहुंचकर शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उनके साथ सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी और पूर्व सैनिक भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी वीर जवानों को नमन करते हुए उनके योगदान को सदैव प्रेरणास्रोत बताया।

