10 इंच के पाइप में फंसने से छह वर्षीय मासूम की मौत, सड़क निर्माण में लापरवाही के आरोप

विकासनगर। उत्तराखंड के विकासनगर कोतवाली क्षेत्र स्थित नवाबगढ़ की खादर बस्ती में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय मासूम की जान चली गई। बारिश के दौरान घर के पास खेल रहा बच्चा नाली के लिए लगाए गए 10 इंच चौड़े पाइप में फंस गया। स्थानीय लोगों ने जेसीबी की मदद से पाइप तोड़कर उसे बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, नवाबगढ़ निवासी छह वर्षीय अरमान शनिवार को बारिश के बीच सड़क किनारे खेल रहा था। इसी दौरान वह तेज पानी के बहाव के बीच नाली के संकरे पाइप में फंस गया। साथ खेल रहे एक अन्य बच्चे ने तुरंत परिजनों और आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और राहत कार्य शुरू किया गया।

करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद जेसीबी मशीन से पाइप तोड़कर अरमान को बाहर निकाला गया। परिजन उसे तत्काल उप जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने सड़क निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रशासन और निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि नई सड़क का ढाल अत्यधिक होने के कारण बारिश का पानी तेज गति से नाली में बहा, जिससे बच्चा बहकर पाइप में फंस गया।

स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

परिजनों ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। विकासनगर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) विवेक कुटियाल ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि पुलिस अपने स्तर पर पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply