बदरीनाथ हाईवे पर दर्दनाक हादसा, ट्रक की चपेट में आने से डेढ़ वर्षीय बच्ची की मौत
देवप्रयाग: ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मूल्यागांव के पास रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में डेढ़ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार उसके माता-पिता हादसे की चपेट में आ गए।
जानकारी के अनुसार, पानीपत से श्रीनगर की ओर गेहूं लेकर जा रहा एक ट्रक चढ़ाई के दौरान अचानक पीछे की ओर फिसलने लगा। ट्रक को पीछे आता देख उसके पीछे चल रहे दूसरे ट्रक चालक ने भी अपना वाहन पीछे करना शुरू कर दिया। इसी दौरान पीछे से आ रही एक मोटरसाइकिल, जिस पर अंकित अपनी पत्नी और डेढ़ वर्षीय बेटी नौनी के साथ सवार थे, अचानक ट्रक की चपेट में आ गई।
हादसे में बच्ची नौनी ट्रक के अगले पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद गेहूं से लदा ट्रक सड़क पर पलट गया, जिसके कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए बेस अस्पताल श्रीकोट भेज दिया। साथ ही राजमार्ग पर यातायात बहाल करने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

