केदारनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं पर कार्रवाई का वीडियो वायरल, जांच के आदेश

रुद्रप्रयाग, 5 जून 2026। केदारनाथ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के साथ पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की जांच पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी को सौंपी गई है, जबकि संबंधित पुलिसकर्मी को उसके ड्यूटी प्वाइंट से हटा दिया गया है।

पुलिस के अनुसार कुछ श्रद्धालु निकासी गेट से मंदिर परिसर में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे। पुलिसकर्मियों द्वारा समझाने के बावजूद वे उसी मार्ग से जाने पर अड़े रहे, जिससे बाहर निकल रहे श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हो रही थी और भीड़ बढ़ने लगी थी।

पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर ने बताया कि अव्यवस्था और संभावित दुर्घटना की आशंका को देखते हुए सुरक्षा कर्मियों ने लोगों को वहां से हटाया। इसी दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी वेद प्रकाश भट्ट को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply