यमुनोत्री यात्रा के दौरान राजस्थान के तीर्थयात्री की हार्ट अटैक से मौत
उत्तरकाशी: यमुनोत्री धाम की यात्रा के दौरान राजस्थान के एक बुजुर्ग तीर्थयात्री की हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना जानकीचट्टी क्षेत्र की है, जहां यात्रा के दौरान उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के कोटा जिले के चेचट निवासी 71 वर्षीय कल्याण सिंह अपने साथियों के साथ यमुनोत्री धाम की यात्रा पर जा रहे थे। इसी दौरान जानकीचट्टी स्थित स्वास्थ्य केंद्र के पास उन्हें अचानक सीने में दर्द और बेचैनी महसूस हुई।
साथ में मौजूद यात्रियों ने तुरंत उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जानकीचट्टी पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी मौत हार्ट अटैक के कारण हुई।
डॉ. अखिल राणा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तीर्थयात्री को अस्पताल लाने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
गौरतलब है कि इस वर्ष चारधाम यात्रा के दौरान यमुनोत्री मार्ग पर अब तक हार्ट अटैक से छह तीर्थयात्रियों की जान जा चुकी है। लगातार बढ़ती भीड़ और कठिन पैदल यात्रा को देखते हुए प्रशासन यात्रियों को स्वास्थ्य जांच कराने और सावधानी बरतने की सलाह दे रहा है।

