देहरादून में आज रात ब्लैकआउट मॉकड्रिल, सायरन से परखी जाएगी आपात तैयारी
देहरादून । देहरादून शहर में आज रात एक विशेष मॉकड्रिल के तहत ब्लैकआउट किया जाएगा, जिसका उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासन और नागरिक सुरक्षा तंत्र की तत्परता को जांचना है। यह अभ्यास भारत सरकार के निर्देश पर किया जा रहा है, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में बेहतर समन्वय और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।
प्रशासन के अनुसार, रात 10 बजे शहर के कई प्रमुख इलाकों—जैसे आईएसबीटी, रायपुर, घंटाघर और आराघर—में लगभग 30 मिनट के लिए ब्लैकआउट किया जाएगा। इस दौरान स्ट्रीट लाइट, पार्क और अन्य सार्वजनिक स्थानों की रोशनी अस्थायी रूप से बंद रहेगी।
मॉकड्रिल शुरू होने से पहले संबंधित क्षेत्रों में आपातकालीन सायरन बजाया जाएगा, जिससे लोगों को इस अभ्यास की जानकारी मिल सके और वे सतर्क हो जाएं। इसके लिए प्रशासन ने पहले ही सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए सिस्टम की तैयारी, समन्वय और प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन करना है।

