देहरादून में संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, कोड वर्ड में पाकिस्तान से होती थी बातचीत

देहरादून  । देहरादून  में सुरक्षा एजेंसियों ने एक संदिग्ध आतंकी विक्रांत कश्यप को गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं से कोड वर्ड के जरिए संपर्क में था। जांच में सामने आया कि वह “आलू गिराने” जैसे शब्दों का इस्तेमाल करता था, जिसका मतलब हैंड ग्रेनेड से हमला करना होता था।

Uttarakhand STF के एसएसपी Ajay Singh के अनुसार, शुरुआती जांच में इस नेटवर्क के तार पंजाब में हुए हैंड ग्रेनेड हमलों और एक पुलिसकर्मी व होमगार्ड की हत्या से भी जुड़े मिले हैं। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी किस तरह इस बड़े आतंकी नेटवर्क का हिस्सा बना।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी को पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन Al Badr Brigade से जुड़े शहजाद भुट्टो द्वारा निर्देश मिलते थे। उसी नेटवर्क के जरिए उसे एक विदेशी पिस्टल भी उपलब्ध कराई गई थी। आरोपी को दिल्ली में एक महिला अधिवक्ता को निशाना बनाने का टास्क दिया गया था।

पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी को दिल्ली में एक संगठन के कार्यकर्ताओं पर हैंड ग्रेनेड हमला करने की जिम्मेदारी भी दी गई थी। इसके अलावा कुछ हिंदू आस्था से जुड़े स्थानों को निशाना बनाने की साजिश भी रची जा रही थी।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस साजिश के बदले आरोपी को नेपाल के रास्ते दुबई भेजने और मोटी रकम देने का लालच दिया गया था। फिलहाल एजेंसियां उसके अन्य साथियों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं। इस गिरफ्तारी के बाद देहरादून सहित अन्य क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply